
मनाली। मनु की नगरी मनाली में विंटर कार्निवल की बेला पर हिमाचली वाद्य यंत्र मुख्य आक र्षण का केंद्र होंगे। एसडीएम मनाली विनय धीमान ने बताया कि प्रतिदिन माल रोड पर वाद्य यंत्रों की स्वर लहरी गूंजेगी। वाद्य यंत्र बजाने वालों में प्रथम आने वाले को पांच हजार, द्वितीय को 35 सौ रुपये तथा तृतीय को 15 सौ रुपये की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विदेश से भी सांस्कृतिक दल आ रहे हैं। इस वर्ष श्रीलंका का सांस्कृतिक दल भी अपनी संस्कृति की झलक दिखाएगा। दो से 6 जनवरी तक मनाए जाने वाले विंटर कार्निवल में राष्ट्रीय स्तरीय कला दिखेगी। कार्निवल का स्तर ऊंचा उठाने के लिए देश के कोने-कोने से राष्ट्रीय स्तरीय जज कला के पारखी होंगे। अभी तक दो मुंबई के जजों ने आने के लिए हामी भर दी है। एसडीएम ने बताया कि सबंधित संस्थानों से अन्य जजों को विंटर कार्निवल में भाग लेने के लिए बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामबाग और मनाली के माल पर स्क्रीनें लगाई जाएंगी तथा मनु रंगशाला में महिला मंडलों की रस्सा कस्सी और मनाली के माल पर चल रहे रंगारंग कार्यक्रमों को लाइव दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले दिन मनाली सब डिवीजन की 17 पंचायतों के 17 महिला मंडलों की झांकी होगी। 20 महिला मंडल कुल्लवी परिधानों के साथ कुल्लवी प्राचीन वाद्य यंत्रों और स्कूल के बैंड के साथ मार्चपास्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि महिला मंडल को विंटर कार्निवल में भाग लेने के लिए 25 सौ रुपये राशि दी जाएगी। प्रत्येक दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे तथा प्रथम द्वितीय आने वाले को 35 सौ और 3 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा उन्होंने बताया कि इस वर्ष विंटर क्वीन स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा तथा पुरुष व्यक्तित्व की प्रतियोगिता को रद्द किया गया है।
