कुल्लू से प्र्रेम लता, बंजार से हितेश्वर जीते

कुल्लू । जिला के कुल्लू और बंजार जोन के लिए हुए कांगडा केंद्रीय को ऑपरेटिव बैंक(केसीसी) के निदेशक पद के चुनाव संपन्न हो गए हैं। कुल्लू जोन से पूर्व में निदेशक रही प्रेम लता ठाकुर ने लगातार तीसरी बार बाजी मारी है। उनका किसी भी पार्टी से संबंध नहीं है। हालांकि इन्होंने विस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अनिरुद्ध शर्मा को 73 मतों के भारी अंतर से हराया है। कुल्लू जोन से कुल 129 मतदाता डेलीगेटों में से 125 ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। इसमें प्रेमलता ठाकुर के पक्ष में 99 और अनिरुद्ध शर्मा को 26 वोट मिले हैं। कुल्लू जोन के चुनाव अधिकारी चेतन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उधर, बंजार जोन में निदेशक पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। यहां कुल 127 मतदाताओं में से 126 ने मतदान का प्रयोग किया है। बंजार से चुनाव जीते हिलोपा के हितेश्वर सिंह को 59, राजेंद्र पाल को 52, सतपाल ठाकुर को 12 और महेंद्र कायथ को 3 वोट पड़े हैं। हितेश्वर सिंह ने निवर्तमान निदेशक राजेंद्र पाल को 7 मतों से हराया है। बंजार जोन के चुनाव अधिकारी अमर लाल ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं। उधर, प्रेमलता ठाकुर की लगातार तीसरी दफा केसीसी के निदेशक बनने पर उनके समर्थकों ने खुशी जताई है।

Related posts