
कुल्लू।(भाग सिंह ) शहरवासियों को अब पार्किंग समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके लिए कुल्लू में दो पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई है। कुल्लू शहर में दो पार्किंग बनाने पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित किए गए हैं।
नगर परिषद कुल्लू शहर के समीप अखाड़ा बाजार में वामतट पर एक बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इस बहुमंजिला पार्किंग में करीब पांच सौ वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इस पार्किंग पर करीब एक करोड़ 11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर भी आमंत्रित किए हैं। इस पार्किंग के बनने से अखाड़ा बाजार में पार्किंग की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इन दिनों अखाड़ा बाजार में पार्किंग समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है।
दूसरी पार्किंग का निर्माण शहर के लोअर ढालपुर में किया जाएगा। इस पार्किंग में करीब दो सौ वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी। इस पार्किंग पर करीब 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर के लोअर ढालपुर में भी पार्किंग की समस्या बहुत गंभीर है। पार्किंग बनने से लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी। इस पार्किंग के लिए भी टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि कुल्लू शहर के लिए मंजूर हुई पार्किंगों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इसके बाद पार्किंगों के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो पार्किंग बनने से कुल्लू शहर के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
