कुल्लू में 28 अति संवेदनशील मतदान केंद्र

कुल्लू। लोकसभा चुनाव में जिला कुल्लू के चार विधानसभा क्षेत्रों के दो लाख 75 हजार 326 मतदाता सात मई को मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 726 सर्विस वोटर भी शामिल हैं। यह जानकारी सोमवार को बचत भवन कुल्लू में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राकेश कंवर ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं अन्य नोडल अधिकारियों के साथ चुनाव प्रबंधों को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 500 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें 28 अति संवेदनशील और पचास मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में 140 मतदान केंद्र, मनाली में 96, बंजार में 134 और आनी में 130 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया का सुचारु रूप से संचालन करने के लिए जिला और उपमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। आम मतदाता इन नियंत्रण कक्षों के फोन नंबर पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 01902-222536 और मोबाइल नंबर 94184-85777 है। उपमंडलाधिकारी मनाली का 01902-254100 और 94180-59257, एसडीएम कुल्लू का 09102-222596 और 94181-67207, एसडीएम बंजार का 01903-222253 और 94183-88102, एसडीएम आनी का 01904-253344 और 94181-29699 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। आम मतदाता इन नंबरों पर चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं। ये नियंत्रण कक्ष हर समय कार्यशील रहेंगे। बैठक में एडीएम विनय सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त कुमुंद सिंह, एएसपी निहाल चंद, कुल्लू, बंजार तथा आनी के एसडीएम और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related posts