
कुल्लू। जिला कुल्लू में खाद नहीं मिलने से कृषि संबंधी सभी काम ठप पड़ गए हैं। किसानों का कहना है कि अगर समय पर मांग अनुरूप खाद नहीं मिली तो आने वाली फसलें गेहूं, जौ, मटर और साग सब्जी को भारी नुकसान हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक कुल्लू में 12-32-16 खाद का टोटा चल रहा है। इन दिनों किसान हरी-भरी फसलों की ग्रोथ के लिए 12-32-16 खाद का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हिमफेड के स्टोर खाली हैं। खाद न मिलने से फसलों की ग्रोथ रुक गई है। प्रगतिशील किसान श्याम सुंदर, संगत राम, कर्मचंद, इंद्र देव, लाभ सिंह, वीर चंद, ओम प्रकाश, रमेश ठाकुर, मिलाप चंद आदि का कहना है कि खाद न मिलने से कृषि संबंधी तमाम कार्य रुक गए हैं। समय पर फसलों में खाद नहीं डाली गई तो फसलों का भारी नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि हर रोज हिमफेड के स्टोरों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन, वहां एक ही जवाब मिलता है कि अभी तक स्टाक नहीं पहुंचा है। किसानों ने शीघ्र खाद मुहैया करवाने की मांग की है। विभागीय जानकारी के अनुसार हिमफेड ने रायसन के लिए 12-32-16 खाद डेढ़ सौ मीट्रिक टन, भुंतर के लिए सौ मीट्रिक टन, कुल्लू के लिए सौ मीट्रिक टन और बंजार के लिए पचास मीट्रिक टन खाद की डिमांड भेज दी है। उधर, हिमफेड के जिला प्रबंधक देवेंद्र नेगी ने कहा कि 12-32-16 खाद की डिमांड भेज दी हैै। शीघ्र खेप पहुंचने की उम्मीद है। खेप पहुंचते ही किसानों को खाद वितरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
