
जरी/बंजार। जिला कुल्लू में शुक्रवार दो शव बरामद हुए हैं। एक शव की पहचान हो गई है, जबकि पार्वती नदी में मिले शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों मामलों में फिलहाल सीपीआरसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में सूचना मिली कि जरी के मलाणा पावर प्रोजेक्ट के समीप पत्थरों के बीच एक शव फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई धर्म चंद की अगुवाई वाले दल ने मौके पर पहुंचकर शव को काफी मशक्कत के बाद नदी से निकाला। उधर, दूसरे मामले में बंजार में शर्ची के जंगलों में एक कंकाल मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते वर्ष लाली देवी पत्नी वालमू अचानक शर्ची गांव से लापता हो गई थी। हालांकि, उसके परिवारजनों ने बंजार थाना में आकर रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी लेकिन काफी ढूंढने के पश्चात भी लाली देवी का कोई भी सुराग नहीं लग पाया था। बंजार पुलिस के अनुसार करीब एक वर्ष वीत जाने के पश्चात शर्ची के पास कंकाल मिला। सूचना मिलते ही परिजनों ने मृतक महिला के कपडे़ तथा गहनों के आधार पर परिजनों ने शिनाख्त कर ली है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया है।
