
कुल्लू। देवसदन कुल्लू में 20 से 22 अप्रैल तक चलने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसे लेकर बुधवार को जिला भाजपा की बैठक में रूपरेखा तय की गई।
भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा ने इसमें विशेष रूप से शिरकत की। बैठक में 20 अप्रैल से देव सदन में होने वाली कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गई। राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश भर के करीब 250 कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में मुख्य रूप से वर्तमान राजनीतिक स्थिति और संगठन के पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा चुनाव का रोड मैप तैयार किया जाएगा। जिला भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की होने वाली बैठक में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में किसी कारण उपस्थित न होने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारियों को देनी होगी। गोविंद ठाकुर ने बताया कि बैठक में एक न्यूज एजेंसी के पत्रकार प्रेम ठाकुर के निधन पर शोक भी व्यक्त किया गया। बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, महामंत्री भीमसेन, राष्ट्रीय जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध, मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला, जिला सचिव हेमराज ठाकुर, ओम प्रकाश और अंबिका सूद मौजूद रहे।
