
कुल्लू। हिमाचल किसान सभा जिला कमेटी तीन दिसंबर को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के बाहर प्रदर्शन करेगी। किसान सभा कुल्लू के महासचिव होतम सिंह सौंखला ने बताया कि कुल्लू के लोगों की समस्याओं को देखते हुए सभा की बैठक में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण के खिलाफ, अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ के रिक्त पदों को भरने के लिए और सरकारी डिपुओं में राशन समय पर न मिलने और राशन महंगा करने के खिलाफ तीन दिसंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य सहसचिव प्रेम गौतम ने बताया कि प्रदेश सरकार नव उदारवादी नीतियों के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का निजीकरण कर रही है। इसके चलते आम जनता को इलाज करवाना मुश्किल हो रहा है। उन्हाेंने कहा कि जिला के अधिकतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ के पद खाली पड़े हैं। होतम सिंह सौंखला ने कहा कि कांग्रेस सरकार जहां एक ओर खाद्य सुरक्षा की बात करती है वहीं, दूसरी ओर डिपुओं में मिलने वाले कोटे में कटौती कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी जनसंगठनों की संयुक्त कमेटी ने राज्य स्तर पर यह फैसला लिया है कि तीन दिसंबर को हर खंड स्तर पर दोनों मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में सीटू के जिला अध्यक्ष भूप सिंह भंडारी, सचिव राजेश ठाकुर, किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव मोती राम कटवाल, कोषाध्यक्ष खेम चंद तथा एसएफआई के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र कोटिया, महासचिव शेर सिंह आदि उपस्थित रहे।
