कुल्लू में कल बनेगा बात का बतंगड़

कुल्लू। कला केंद्र कुल्लू में कल बात का बतंगड़ बनेगा। बात का बतंगड़ बनाने में बच्चों को दक्ष किया जा चुका है। दरअसल कला केंद्र में ऐक्टिव मोनाल कल्चर एसोसिएशन की थियेटर कार्यशाला में बच्चों को अभिनय के टिप्स दिए गए हैं। यही बच्चे अब मंच पर चार नाटकों का मंचन करने जा रहे हैं। इन्हीं में एक नाटक बात का बतंगड़ भी होगा। शब्दों के हिसाब से चेहरों पर भाव लाने की यह शिक्षा उन्होंने प्रख्यात रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर से पाई है।
दावा किया जा रहा है कि मंचित होने वाले नाटकों में जहां सामाजिक कुरीतियों पर करारी चोट की जाएगी वहीं आधुनिकता के दौर में बदलते मानवीय रिश्तों को भी दर्शकों के सामने हास्य से भरपूर नाटकों के जरिये रखा जाएगा। ऐक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू और भाषा एवं संस्कृति विभाग कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में चल रही थियेटर कार्यशाला का समापन पांच अगस्त का होगा। शनिवार को कार्यशाला के 12वें दिन बच्चों को अभिनय के टिप्स दिए गए। संस्था के निर्देशक एवं मुख्य प्रशिक्षक केहर सिंह ठाकुर ने अभिनय की बारीकियों से बच्चों को अवगत करवाया। चार ग्रुपों में विभाजित बच्चों ने चार नाटकों को कार्यशाला में तैयार किया है। इन नाटकों का मंचन पांच अगस्त को कार्यशाला के समापन पर होगा। विख्यात नाटककार भारतेंदु हरिचंद्र के लिखे अंधेर नगरी का चौपट राजा तथा नूर जहीर के लिखे नाटक बात का बतंगड़ तथा करनी का फल और जैसी करनी वैसी भरनी नाटकों का मंचन बच्चे संस्था के निर्देशक रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर के निर्देशन में करेंगे। नाटक में मुस्कान, चेतना, पल्लवी, साहिल, श्वेता, प्रियंका, सूरज, विश्वास, प्रेमलता, अकांक्षा, बबीता, आयूष, सज्जन, सुमन, रितिका, पूजा, हेमलता, ज्योति और साक्षी अभिनय करेंगी।

Related posts