कुल्लू में कंप्यूटर ट्रेनिंग पर पंचायत प्रतिनिधि खफा

कुल्लू। लाहौल के पंचायत प्रतिनिधियों ने कुल्लू आकर कंप्यूटर का प्रशिक्षण तो लिया, मगर उन्हें ट्रेनिंग में दिया गया भत्ता रास नहीं आया है। इससे लाहौल पंचायत प्रतिनिधि विभाग से खफा हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने ट्रेनिंग के दौरान रहने, खाने पीने में काफी अव्यवस्था होने का आरोप भी लगाया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने मांग की है कि अगली बार कभी भी प्रतिनिधियों को किसी प्रकार प्रशिक्षण देना होगा तो लाहौल में ही व्यवस्था होनी चाहिए। लाहौल पंचायत समिति अध्यक्ष संजीव कुमार ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार लाहौल पंचायत प्रतिनिधियों को लाहौल नहीं दूसरे जिले कुल्लू में जाकर कंप्यूटर ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में आने आ खर्चा भी बहुत कम मिला है। प्रशिक्षण में जिप, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान और उपप्रधानों ने भाग लिया था। प्रत्येक प्रतिनिधियों को मात्र 300-300 रुपये ट्रेनिंग भत्ता दिया गया है। जिप सदस्य तेजिन छोन्जोम, राजीव, प्रधान शेर सिंह, प्रधान ओमप्रकाश, पंचायत समिति सदस्य सावित्री देवी, उपप्रधान दुनी चंद ने भी माना है कि प्रशिक्षण तो उन्हें दिया गया, मगर यह कोसों दूर था और प्रशिक्षण का भत्ता नाममात्र दिया गया है। इस संबंध में लाहौल पंचायत समिति अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि ट्रेनिंग में लाहौल से 23 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें प्रशिक्षण संस्थान में खाने-पीने और रहने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायती राज विभाग से आग्रह किया है कि अगली बार उन्हें लाहौल में ही प्रशिक्षण दिया और ट्रेनिंग में मिलने वाला भत्ता भी बढ़ाया जाए।

Related posts