कुल्लू मनाली में पर्यटन को देंगे बढ़ावा : प्रतिभा

मनाली/काईस। सांसद प्रतिभा सिंह ने कुल्लू जिले के तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन मनाली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान सांसद ने कराड़सू और जगतसुख में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जन समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कराड़सू में करीब 5.47 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास भी किया। कराड़सू में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कुल्लू-मनाली क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान होंगे। इसी के मद्देनजर भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण और फ्लाइट
के किराये को कम करने का मामला उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है। कहा कि जब भी हिमाचल में कांग्रेस की सरकार आई, प्रदेश में विकास कार्यों में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि काईस-कोटधार सड़क के लिए 2.11 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। ब्यास के ऊपर रायसन-भलोगी पुल का निर्माण करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सराय भवन भलोगी के लिए सांसद निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य दिनेश सेन, पंचायत प्रधान अरछंडी अरुणा, बीडीसी सदस्य ओमी देवी, उपप्रधान खेखराम और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे

Related posts