कुल्लू-मनाली में तीन चरणों में होंगे युकां चुनाव

कुल्लू। युवा कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। 29 अक्तूबर को बूथ चुनावों के लिए युकां नेताओं ने कमर कस ली है। इसके लिए वोटर लिस्ट और नामीनेशन आदि प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 29 को होने वाले युवा कांग्रेस के बूथ चुनावों में कुल्लू और मनाली विस क्षेत्रों में तीन चरणों में चुनाव करवाए जाएंगे। जबकि, बंजार में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। यह जानकारी मंडी लोकसभा के लोकसभा चुनाव अधिकारी प्रकाश माहरा ने प्रेसवार्ता में दी है। उन्होंने कहा कि उनके पास कुल्लू, मनाली, बंजार, लाहौल-स्पीति तथा भरमौर क्षेत्र के चुनावों की जिम्मेदारी है। कुल्लू और मनाली विस क्षेत्र में युवा मतदाताओं की संख्या 35 सौ से चार हजार के बीच होने से यहां तीन चरणों में चुनाव करवाएं जाएंगे। जबकि, बंजार विस में दो चरणों में मतदान होगा। उन्होंने कहा कि युवा वोटरों की जांच के बाद 25 अक्तूबर को वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। 26 को नामीनेशन तथा 27 को छंटनी के बाद 28 को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। बूथ चुनावों के बाद विधानसभा, लोकसभा तथा राज्य के चुनाव एक साथ होंगे। इसके लिए भी जल्द तिथि घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पांच पदों के लिए चुनाव होंगे, जबकि विस, लोस तथा प्रदेश स्तर के लिए 10-10 पदों के लिए मतदान होगा। इस अवसर पर युकां मनाली के अध्यक्ष हीरा लाल विभु, प्रवीन ठाकुर, गिरीश ठाकुर, विजेंद्र सिंह आदि युकां पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts