
कुल्लू। घाटी में शनिवार रात और रविवार सुबह हुई भारी बारिश से जिला में चार सड़क मार्गों पर यातायात बंद हो गया है। ये सभी मार्ग जिला की बंजार घाटी में आते हैं। सड़कों पर यातायात बंद होने से घाटी की करीब एक दर्जन पंचायतों का संपर्क उपमंडल मुख्यालय से कट गया है। रात भर हुई भारी बारिश से बंजार घाटी के मंगलौर-पनिहार, थाटीबीड़-शियोली भुंइका-कोटला और बंजार-खावल मार्ग पर भूस्खलन से मलबा सड़कों पर आ गिरा है। इस कारण इन मार्गों में यातायात पूरी तरह से ठप पड़ गया है। हालांकि विभाग ने देर शाम तक मंगलौर-पनिहार मार्ग पर पड़े मलबे को मशीनरी से हटा कर बहाल कर दिया है, जबकि अन्य तीन मार्गों को खोलने का काम भी लोनिवि बंजार ने शुरू कर दिया है। भारी बारिश से रविवार सुबह बाह्य सराज को जोड़ने वाला औट-लुहरी मार्ग भी मंगलौर के पास मलबा आने से बंद हो गया था, लेकिन लोनिवि ने सड़क के महत्व को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर इसे एक घंटे में खोल दिया था। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने पुष्टि की है। कहा कि शरिवार रात और रविवार सुबह के हुई भारी बारिश से घाटी में चार मार्ग भूस्खलन से बंद हो गए हैं। लोगों को किसी तरह की समस्या न आए, इसके लिए विभाग ने सड़कों को खोलने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। एक-दो दिन के भीतर सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
बाक्स
नदी नालों के किनारे न जाएं
जिला में ब्यास नदी सहित तीर्थन, पार्वती, सैंज, सरवरी, आनी, शवाड़, बनाला खड्ड का जलस्तर उफान पर होने से जिला प्रशासन ने लोगों को नदी नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी है। डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने कहा कि मौसम के बदलते तेवर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी स्थित पर नजर रखे हुए है। कंवर ने कहा कि इस पर जिला के सभी उपमंडल अधिकारियों को भी अर्लट रहने को कहा गया है।
