कुल्लू की दस सड़कें होंगी पक्की

काईस (कुल्लू)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का सफर अब और सुहाना होगा। लोक निर्माण विभाग ने सालों से कच्ची पड़ी सड़कों को पक्का करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। सरकार ने कुल्लू डिविजन नंबर दो की 10 सड़कों को पक्का करने के लिए 18 करोड़ 32 लाख 85 हजार रुपये मंजूर कर दिए हैं।
डिविजन नंबर दो में पीएमजीएसवाई के तहत वर्षों पूर्व निर्मित सड़कें अभी तक पक्की नहीं हो पाई हैं। बजट के अभाव में विभाग इन सड़कों को पक्का करवाने में असमर्थ है। लोनिवि के मुताबिक वैंची-मंझलीधार सड़क को 2 करोड़ 45 लाख 31 हजार, बारी पधरू- थौरकू पेछा सड़क के लिए 1 करोड़ 56 लाख 17 हजार मंजूर हुए हैं। इनके अलावा मंसारी-सोयल के लिए 4.2 करोड़, भाडे़ई-बागन 2 करोड़, बरागोटोली-बतोरी के लिए 1. 41 करोड़, काईस-कोटाधार के लिए 2.11 करोड़, रामशिला-नेऊली-लारी कोट सड़क के लिए 1.69 करोड़, फोजल-फलाहण के लिए 1.69 करोड़, भेखली – सारी के लिए 2.13 करोड़ और छुरला-खंणीपांदे सड़क के लिए 2.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
कुल्लू डिविजन दो के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने बताया कि जल्द ही टेंडर करवाकर सड़कों को पक्का करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बताया कि इन सड़कों के लिए 18 करोड़ 32 लाख 85 हजार रुपये मंजूर हुए हैं। सड़कों के पक्का होने से लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

Related posts