कुल्लू कालेज में भगवा की शानदार जीत

कुल्लू। कुल्लू कालेज में इस बार भी भगवा ने शानदार प्रदर्शन किया है। भले ही महासचिव का पद एबीवीपी के हाथ से छिटक गया हो लेकिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सहसचिव पर बाजी मारते हुए परिषद ने शानदार प्रदर्शन किया। 3420 वोटरों वाले कुल्लू कालेज में इस बार भी केंद्रीय छात्र संघ चुनाव चौंकाने वाले रहे है। बीते साल के एससीए चुनाव में भी एनएसयूआई को एक सीट भी नसीब नहीं हुई थी, तो इस बार भी ऐसा हुआ है। कुल्लू कालेज में कुल 3420 वोटरों में से 2058 छात्र-छात्राओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया है।
एबीवीपी के राज कुमार सोनी ने एसएफआई के भूपेंद्र सिंह को 31 वोटों के अंतर हरा कर एससीए का अध्यक्ष पद जीता। एसएफआई के भूपेंद्र सिंह को 846 तथा एबीवीपी के राज कुमार सोनी को 867 मत मिले हैं। एनएसयूआई के ललित को 300 मत मिले। 45 मत अवैध पाए गए। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की पिंकी सूद 896 मत लेकर विजयी रहीं। उन्होंने एनएसयूआई की रेणुका देवी को 234 मतों से हराया है। एसएफआई की मुनीता को महज 440 वोटों से संतोष करना पड़ा है। उपाध्यक्ष पद के लिए 60 वोट अवैध घोषित हुए हैं। महासचिव पद पर एसएफआई के रोशन लाल विजयी रहे। एबीवीपी के रविंद्र ठाकुर को मात्र 23 मतों से शिकस्त मिली। रोशन लाल को 793, रविंद्र ठाकुर को 770 तथा एनएसयूआई के जगदीश कुमार को 415 मत पड़े। संयुक्त सचिव पर एबीवीपी के राजकिरण विजयी रहे है। उन्हें सबसे अधिक 1044 वोट मिले हैं। एसएफआई के संजय कुमार को 517 और एनएसयूआई के चेतन कुमार को महज 398 वोट मिले। प्रिंसिपल डा. धनेश्वरी शर्मा ने मतगणना के बाद विजेताओं के परिणाम की घोषणा की।

Related posts