कुल्लू-आनी बस सेवा बहाल करें

कुल्लू। अकसर सवारियों से भरी रहने वाली कुल्लू-आनी बस सेवा के बंद होने से बाह्य सराज के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अढ़ाई माह से भी अधिक समय तक बस सेवा के बंद होने से लोगों को गंतव्य तक जाने में कई पापड़ बेलना पड़ रहे हैं।
जिला मुख्यालय से दोपहर दो बजे कुल्लूू-आनी के बीच चलने वाली बस सेवा आठ मई से बंद पड़ी है। झीड़ी बस हादसे के बाद से बंद पड़ी बस सेवा के चलते बाह्य सराज के लोगाें का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। बस सेवा चलने के दौरान जिला मुख्यालय आने वाले लोग अपना काम एक ही दिन में निपटाकर घर पहुंच जाते थे लेकिन अब उनके तीन से चार दिन बर्बाद हो रहे हैं। तीन सौ के बदले लोगों को 1000 से 1500 रुपये निजी वाहनों और लंबा सफर तय करके खर्च करने पड़ रहे हैं। काम के सिलसिले में कुल्लू आए आनी के गोविंद सिंह, लगौटी की प्रधान उर्मिला ठाकुर, लाल चंद ठाकुर तथा जगदीश ठाकुर ने कहा कि पहले उनका काम एक ही दिन में निपट जाता था और अब बस के बंद होने से दो दिन सफर में ही खत्म हो जाते हैं। दोपहर दो बजे इस रूट पर चलने वाली बस से बंजार, आनी, निरमंड, लुहरी तथा सीमांत लगते मंडी और शिमला जिला के लोगाें को लाभ मिलता है। इसी बस से सुबह के वक्त घाटी के लोग जिला मुख्यालय अपने काम निपटाने के लिए जाते हैं और दोपहर तक काम निपटाने के बाद इसी बस द्वारा अपने घर लौट आते थे। लेकिन अब बस बंद होने से बाह्य सराज की 58 पंचायतों के अलावा, करसोग, रामपुर, कुमारसैन, छतरी, बंजार तथा सैंज इलाके के लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। इलाके के लोगों ने स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार से बंद पड़े इस रूट पर सरकारी या निजी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
सरकार के समक्ष उठाएंगे मुद्दा
बस सेवा बंद होने से लोगों को समस्या आने लगी है। रूट पर बस का चलना अति आवश्यक है और वह इसके लिए प्रयासरत है। मसले को सरकार और परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा और जल्द ही बस सेवा शुरू की जाएगी।
आनी के विधायक खूब राम आनंद

Related posts