कुल्लू अस्पताल में बढ़ेगी बिस्तर क्षमता

मनाली/पलचान। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल कुल्लू में बिस्तरों की संख्या 200 से बढ़ाकर 250 की जाएगी । वहीं, मनाली अस्पताल के भवन विस्तार के लिए भूमि स्थानांतरण का कार्य तेजी पर है। कौल सिंह ने कहा कि जिन हिमाचलियों के पास मकान नहीं हैं, उन्हें सरकार दो बिस्वा भूमि देने पर विचार कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मनाली स्थित मिशन अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन के उद्घाटन अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार मिशन अस्पताल को हर प्रकार से मदद करेगी। उन्होंने कहा कि 475 पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती के लिए कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है और जल्द भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेरचौक मंडी के पैरा मेडिकल कालेज में अगले वर्ष कक्षाएं आरंभ की जाएंगी। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने पलचान में पीएचसी का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि कुल्लू में अगर कोई मेडिकल कालेज खोलना चाहता है, तो सरकार उसका स्वागत करेगी और सहायता भी करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास रत है। ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रहा है। कई बार यहां पर मरीज ज्यादा हो जाते हैं। इसलिए कुल्लू अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा मनाली अस्पताल के विस्तार के लिए भूमि स्थानांतरण का काम तेजी से चल रहा है। इस के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने लगवैली में भुट्टी पीएचसी भवन की नींव रखी। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पर 1.4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

Related posts