
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव सोमवार से शुरू होने जा रहा है। दशहरा पव्र का विधिवत शुभारंभ राज्यपाल उर्मिला सिंह करेंगी। ढालपुर मैदान के साथ-साथ ऐतिहासिक कलाकेंद्र भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए दुल्हन की तरह सज गया है। इस दौरान देवभूमि कुल्लू में जहां देशी-विदेशी कलाकार अपनी कलाओं का जादू बिखेरेंगे। वहीं, कुल्लू का भव्य देव मिलन, रथयात्रा और लोकनृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। दशहरा उत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में 10 देशों के नर्तक दल अपनी प्रस्तुतियां पेश करेंगे। सोमवार को पहली सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू के चयनित कलाकारों की ओर से नाटी एवं स्थानीय स्कूलों की प्रस्तुति के अलावा रूस और स्पेन के कलाकार धमाल मचाएंगे। 15 अक्तूबर को कुल्लू के कलाकारों की नाटी और स्कूली बच्चों की प्रस्तुति के अलावा तिबतियन इंस्टीट्यूट ऑफ परर्फोमिंग आर्ट (टिपा) धर्मशाला, गोवा, हिमाचल के बॉलीवुड गायक पूर्ण शिवा एवं युवी प्रस्तुति देंगे। 16 अक्तूबर को कुल्लू के कलाकारों की नाटी, स्थानीय स्कूलों की प्रस्तुति और कजाकिस्तान के कलाकारों की ओर से प्रस्तुति एवं पहाड़ी नाइट में विक्की चौहान, हेमंत शर्मा, धीरज शर्मा और संजीव दीक्षित अपनी प्रस्तुतियां पेश करेंगे। 17 अक्तूबर को कुल्लू सहित नेपाल, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सुप्रसिद्ध सूफी गायक लखविंद्र वडाली संध्या में धमाल मचाएंगे। 18 अक्तूबर को कुल्लू की नाटी, इंडोनेशिया, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब के नृत्य दल, रियलिटी शो के हिमाचली गायक कृतिका, सुनील, दीपिका और साहिल संध्या की शोभा बढ़ाएंगे। 19 अक्तूबर को कुल्लू की नाटी स्थानीय स्कूलों की प्रस्तुति, उज्वेकिस्तान, श्री राम भारती कला केंद्र नई दिल्ली की ओर से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्य नाटिका बॉलीवुड पार्श्व गायक राम और ममता शर्मा प्रस्तुति देंगे। दशहरा उत्सव की अंतिम संध्या में कुल्लू के चयनित कलाकारों की ओर से नाटी एवं स्थानीय स्कूलों की प्रस्तुति और हिमाचली परिधानों पर आधारित फैशन शो एवं कुल्लवी नाइट ठाकुर दास राठी की होगी।
