
अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत पड़ते गांव कुनेरन में एक विवाहित महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे तुरंत घायलावस्था में अंब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। हालांकि महिला के मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुनेरन निवासी अंजलि पत्नी गणेश की बुधवार सुबह अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे परिजनों ने आनन-फानन में खंड चिकित्सालय अंब पहुंचाया, लेकिन तब तक अंजलि की मौत हो चुकी थी। अंजलि का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुआ था। वह अपने पीछे पांच माह की बच्ची को छोड़ गई है। नवविवाहिता होने के कारण ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सकों ने पुलिस को इत्तला दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को अपने कब्जे में ले लिया। उसे पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया गया। डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
