कुनेरन में महिला को लूटने का प्रयास

गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के कुनेरन गांव में एक महिला को लूटने का प्रयास किया गया। ग्रामीणाें की मुस्तैदी से एक आरोपी को दबोच लिया गया है, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वारदात में घायल महिला को मेडिकल और उपचार के लिए गगरेट के अस्पताल लाया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुनेरन निवासी 40 वर्षीय महिला बबली देवी खेतों में घास काट रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे नशीली दवा सुंघा कर लूटने का प्रयास कर डाला। महिला ने आरोपियों से लोहा लेते हुए उन्हें आसानी से सफल नहीं होने दिया और छीनाझपटी में उलझाए रखा। इसी दौरान महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके की ओर भागे, जिन्हें देख कर आरोपी घनारी की ओर फरार हो गए। लोगों ने मोबाइल के जरिए घनारी के लोगों को सूचना देते हुए दोनों का हुलिया बता दिया। इसके चलते घनारी निवासियों ने एक आरोपी को मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा है। पकड़े गए युवक की पहचान 25 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र हंसराज निवासी तलवाड़ा पंजाब के रूप में हुई है। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। एसएचओ गगरेट विश्वास वालिया ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts