कुटलैहड़ में बेरोकटोक चल रहा खनन

लठियाणी (ऊना)। कुटलैहड़ खनन माफिया के हौसले बुलंद है। रात-रात भर सहायक खड्डों में अवैध खनन का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है जिससे सहायक खड्डों के साथ जुड़ी लोगों की भूमि भी खतरे में पड़ गई है। क्षेत्र में पिछले लंबे समय चल रहे इस गोरख धंधे को रोकने के लिए अभी तक प्रशासन ने भी उचित कदम नहीं उठाए हैं जिससे विभागीय कार्रवाई भी संदेह के घेरे में है।
न्यायालय के आदेशों पर प्रदेश सरकार ने नदियों नालों आदि से खनन पर पाबंदी लगा दी थी। इस कार्य को पूर्ण रूप से अमलीजामा पहनाने के लिए राज्य सरकार ने माइनिंग विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी खनन रोकने के आदेश पारित किए गए थे परंतु उन आदेशों का पालन न करवाकर क्षेत्र के कुछ रसूखदार आपसी साठगांठ कर खनन कार्य को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र की खड्डों में जेसीबी मशीनों से ट्रैक्टरों में रेता बजरी भरा जा रहा है जिससे खड्डे गड्ढों के रुप में तबदील हो रही है। वहीं लोगों की जमीनें भी खतरे के निशान पर आ खड़ी हैं। स्थानीय खड्ड के साथ लगती भूमि मालिकों में जोगेंद्र सिंह, चमन लाल, वतन सिंह, शेर सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार कर चुके हैं लेकिन किसी भी अधिकारी ने उचित कार्रवाई नहीं की।
उधर थाना प्रभारी बंगाणा राम दास कौशल ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और रोजाना अवैध खनन करने वाले वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं।

Related posts