
बंगाणा (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को कुटलैहड़ विस क्षेत्र के पिपलू पंचायत में नवनिर्मित भवन और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 6.50 लाख रुपये से निर्मित कमरों का लोकार्पण किया और स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी बच्चों को इनामों से नवाजा। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि कु टलैहड़ के विकास में कोई कसर शेष नहीं रखी जाएगी। पांच महीने में ही इस क्षेत्र में तीस किलोमीटर सड़कें पक्की की जा चुकी हैं। इसके अलावा नाबार्ड के तहत आठ और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छह सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने पिपलू स्कूल में शिक्षकों के लिए कॉमन रूम बनाने के लिए धनराशि मुहैया करवाने और पंचायत भवन के अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने का ऐलान भी किया। उद्योग मंत्री ने स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 51 सौ रुपये देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामदास मलांगड, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी, उपनिदेशक एलीमेंट्री निर्मल रानी और स्कूल की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवराज ने भी अपने विचार रखे। स्कूल के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में जिला परिषद सदस्य सत्या देवी, कांग्रेस नेता ईश्वर दुखिया, देस राज मोदगिल, बलदेव कुटलैहडिया, विवेक शर्मा, सुमित, पंचायत प्रधान कमलेश, एसडीएम केसी चौधरी व लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एके कोहली सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
