
पालमपुर/सुलह(कांगड़ा)। कुरल में उठाऊ सिंचाई योजना के शुभारंभ किए अभी कुछ घंटे ही हुए थे कि सोमवार रात ही शरारती तत्वों ने शिलान्यास पट्टिका को तोड़ दिया है। इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स और सुलह के विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल की मौजूदगी में सोमवार को किया था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जबकि, सीपीएस जगजीवन पाल ने इसकी कड़ी भर्त्सना की है। जानकारी के अनुसार कुरल गांव में सोमवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक करोड़ 10 लाख की उठाऊ सिंचाई योजना का उद्घाटन किया था। शुभारंभ पट्टिका को रात के समय शरारती तत्वों तोड़ दिया। वहां पंप हाउस में मौजूद चौकीदार सरवन कुमार और भगवान दास ने बताया कि रात दस बजे तक पट्टिका ठीक थी। घटना का पता चलते ही आईपीएच के अधिशाषी अभियंता रोहित दुबे मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भवारना के थाना प्रभारी ब्रह्मदास ने टीम के साथ मौके का जायजा लिया। उधर, मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह काम भाजपा के शरारती तत्वों ने किया है। पूर्व विधायक के घर से थोड़ी दूरी पर पट्टिका टूटना एक शर्मनाक घटनाक्रम है। कहा कि पट्टिका तोड़ने वाले तत्वों को बड़ा संरक्षण प्राप्त है। विरोधियों को सुलह का विकास रास नहीं आ रहा है। जिसकी वह कड़ी भर्त्सना करते हैं। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
