किसान क्लब से मिलेगी किसानों को जानकारी

आनी (कुल्लू)। किसान बागवानाें को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसान क्लब द्वारा दी जाएगी। इसी कड़ी में आनी में करीब पचास किसान क्लबों का गठन किया जाएगा। यह क्लब किसानों और बागवानों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी मुहैया करवाएंगे।
सोमवार को आनी पंचायत समिति सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आनी खंड की 32 ग्राम पंचायतों के दस किसान क्लब गठित किए गए। नावार्ड के तहत चलाए जा रहे इस कार्यक्रम का आयोजन देव भूमि विकास परिषद कुल्लू संस्था ने किया। संस्था के अध्यक्ष परस राम ने कहा कि आनी क्षेत्र के बागवानों और किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं की जानकारी घर पर ही दी जा रही है। आनी खंड की हर ग्राम पंचायत में किसान क्लबों का गठन किया जा रहा है। पहले चरण में दस किसान क्लब बनाए गए हैं। इसमें किसान क्लब बांशा, गुहांटी, कूट, च्वाई और शवाड़ आदि शामिल हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नाबार्ड बैंक जिला विकास अधिकारी कुल्लू उर्मिल लता ठाकुर ने बताया कि नावार्ड बैंक की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में आम जनता तथा किसानों को जानकारी होनी आवश्यक है। मुख्य वक्ता प्रवीण वालिया ने कहा कि किसान बागवान सरकारी बैंक से के सीसी कार्ड किसान क्रेडिट कार्ड सस्ते ब्याज दर पर ले सकते हैं। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राजेश बिष्ट, प्रवीण वालिया बैंक प्रमुख, कृषि विभाग के बीटीएम अनिल नेगी, देवभूमि विकास परिषद कुल्लू के अध्यक्ष परस राम सोनी, उपाध्यक्ष प्रीतम सागर, महासचिव परस राम चौहान, नीते राम, बालक राम, हंसराज, हिमाचल ग्रामीण बैंक शाखा शवाड़ के प्रबंधक प्रेम सिंह बौद्ध सहित किसान क्लबों के सभी सदस्य उपस्थित थे।

Related posts