किलाड़ के लिए निकला जेई लापता

ऊना।(विवेक त्रिपाठी)लोक निर्माण विभाग में बतौर जेई कार्यरत रूप चंद पुत्र सीता राम लापता हो गए हैं। रूप चंद मूलत: ऊना जिले के लमलैहड़ी गांव के रहने वाले हैं और उनकी तैनाती किलाड़ में है। वह 14 मार्च को घर से किलाड़ के लिए निकले थे।
रूप चंद जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ से होते हुए किलाड़ जा रहे थे। शनिवार को रूप चंद के परिजन ऊना के उपायुक्त अभिषेक जैन और एएसपी विरेंद्र सिंह ठाकुर से मिले। रूप चंद की धर्मपत्नी आशा देवी और बहन गुरबख्शो देवी ने उपायुक्त और एएसपी को बताया कि रूप चंद 14 मार्च को सुबह दस बजे घर से निकले। शाम को नौ बजे रूप चंद का पठानकोट से परिजनों को फोन आया। उन्होंने कहा कि विभाग की गाड़ियां पठानकोट आई हैं। सभी लोग इन्हीं गाड़ियों में साथ जाएंगे। इसके बाद रूप चंद ने जम्मू-कश्मीर के गुलाबगढ़ से परिजनों को फोन किया। जिस नंबर से फोन आया, वह नंबर भी जम्मू कश्मीर का ही था। फोन पर रूप चंद ने कहा कि वह सुबह यहां से किलाड़ के लिए चलेंगे। इसके बाद 24 मार्च को सुबह नौ बजे किलाड़ से विभाग के एसडीओ का फोन आया कि रूप चंद किलाड़ नहीं पहुंचे। एसडीओ ने परिजनों को उस चालक का नंबर भी दिया, जिस चालक के साथ वे पठानकोट से गए थे। चालक से बात करने पर उसने कहा कि गुलाबगढ़ से आगे सोल नामक स्थान पर रास्ता बंद था। रूप चंद ने उन्हें कहा था कि वे गुलाबगढ़ में ही रुकेंगे और जब रास्ता खुलेगा तो उन्हें वहां से ले जाएं। रूप चंद की पत्नी आशा ने कहा कि रास्ता खुलने के बाद भी चालक सोहल से रूप चंद को लेने के लिए गुलाबगढ़ नहीं गया।
उधर, एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस और चंबा पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। रूप चंद के फोटो भी वहां प्रेषित किए गए हैं। रूप चंद की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है।

Related posts