
रामपुर बुशहर। किन्नौर घाटी के विभिन्न स्थानों में फंसे आम लोगों, विश्वविद्यालय के छात्रों और मरीजों को सोमवार को रामपुर लाया गया। रामपुर से हेलिकाप्टर ने दो उड़ानें किन्नौर के विभिन्न स्थानों के लिए भरीं। इस दौरान किन्नौर से लाए गए नौ मरीजों को रामपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, रामपुर से भी चालीस लोगों को किन्नौर के लिए रवाना किया गया। एसडीएम रामपुर दलीप नेगी ने बताया कि हेलिकाप्टर ने रामपुर से किन्नौर के लिए दो उड़ानें भरी हैं।
भारी बर्फबारी के कारण किन्नौर के विभिन्न स्थानों में फंसे करीब चालीस लोगों को सोमवार को रामपुर लाया गया। सोमवार सुबह ही रामपुर से हेलिकाप्टर ने जाबुंग-पूह के लिए उड़ान भरी। इसमें रामपुर से जाबुंग और पूह के लिए बीस लोगों को भेजा गया और वहां फंसे बीस लोगों को भी रामपुर पहुंचाया गया। जबकि, दूसरी उड़ान लियो और नाको के लिए भरी गई। इस में भी रामपुर से बीस लोग भेजे गए और वहां से बीस लोगों को रामपुर लाया गया है।
एसडीएम रामपुर दलीप नेगी ने बताया कि किन्नौर के विभिन्न स्थानों पर फंसे मरीजों और छात्रों को सोमवार को रामपुर लाया गया। किन्नौर से 40 लोग रामपुर लाए गए। इस दौरान नौ मरीज जिसमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं, को रामपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि रामपुर से भी किन्नौर के लिए 40 लोगों को भेजा गया है। किन्नौर से रामपुर आने वाले लोगों में छात्र भी शामिल थे।
