
ऊना। राजकीय पीजी कालेज ऊना में घूमने वाले बाहरी तत्वों पर शिकंजा कसते हुए वीरवार को कालेज सुरक्षा कर्मियों ने करीब नौ युवकाें को धर दबोचा। सुरक्षा कर्मियों ने नौ शरारती तत्वों को पकड़ कर कालेज प्रशासन के समक्ष पेश किया। हालांकि बाहरी तत्वों को जुर्माना ठोककर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार कालेज सुरक्षा कर्मियों ने कालेज परिसर में औचक निरीक्षण कर जब बाहरी तत्वों से कालेज आईडी कार्ड के बारे में जांच पड़ताल की तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। सुरक्षा कर्मियों ने कालेज कैंटीन से कुछ बाहरी तत्वों को धर दबोचा, लेकिन कुछ मौके से भागने में सफल हुए। कालेज सुरक्षा कर्मियों ने कालेज परिसर से नौ बाहरी तत्वों को पकड़ कर कालेज प्रशासन के सुपुर्द किया। कालेज प्राचार्य डा. एसके चावला ने बाहरी तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना ठोका तथा प्राथमिक तौर पर चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में कालेज परिसर में कोई भी बाहरी तत्व पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कालेज के माहौल को कतई बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। वहीं कालेज के छात्र संगठनों ने भी कालेज में कालेज प्रशासन की ओर से बाहरी तत्वों के विरुद्ध की गई कार्रवाई को सराहनीय कदम करार दिया है।
