
ऊना। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रबंधन पर एनएसयूआई के साथ मिलीभगत कर उनके ऊपर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। परिषद के इकाई अध्यक्ष विकास बंटी ने आरोप लगाया कि परिषद कार्यकर्ता जब एनएसयूआई के पदाधिकारियों का कच्चा चिठ्ठा कालेज विद्यार्थियों के सामने चार्ट पर कालेज के छात्रों के सामने रख रहे थे तो एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं तथा कालेज प्रशासन ने मिलकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का प्रयास किया। विकास बंटी ने कहा कि कालेज प्रशासन वर्तमान सरकार के दबाव में आकर महाविद्यालय में एनएसयूआई का एजेंट बनकर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्राध्यापक अपना काम छोड़ छात्र संगठन के कार्यकर्ता बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि बी-कॉम के सात सब्जेक्ट हैं, लेकिन कक्षाएं मात्र दो लगती हैं। यदि विद्यार्थी परिषद कोई आंदोलन करती है तो कालेज को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया जाता है। अन्य छात्र संगठन तो स्वयं चुप बैठे हैं तथा कालेज प्रशासन भी उनका सहयोग करते हुए विद्यार्थी परिषद के आंदोलन को पूरे जोर से कुचलने की कोशिश करता रहता है। विकास बंटी ने कहा कि कालेज प्रबंधन विद्यार्थियों को भी गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कालेज प्रशासन अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी, जिसका जिम्मेवार स्वयं कालेज प्रशासन होगा।
