काला पड़ने लगा कुल्लू का लाल सेब

भल्याणी (कुल्लू)। रोजाना की रिमझिम बारिश बागवानों पर कहर ढा रही है। मौसम की बेरुखी के चलते कुल्लू का लाल रसीला सेब अपना रंग बदलने लगा है। फसल सूटी ब्लॉच तथा पलाईस्पैक बीमारी की जकड़ में आ गई है। ऐसे में बागवानों में हड़कंप मचा है। जिले भर में इससे करीब बीस फीसदी फसल प्रभावित हुई है।
रोजाना हो रही बारिश नेसेब के बगीचों में नमी की मात्रा बढ़ा दी है। साथ में रोज पड़ रही धुंध भी सेब की फसल पर असर डाल रही है। ऐसे में जिले के बागवान चिंतित हो उठे हैं। बागवान किरपा राम पुजारी, मेहर सिंह ठाकुर, टेढ़ी सिंह ठाकुर और जगमोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि रोज हो रही बारिश सेब पर भारी पड़ी है। धुंध पड़ने से सेब का दाना काला होने लगा है। दाने पर काले बिंदु उभर आए हैं। ऐसे में सेब ए-ग्रेड का न रहकर बी-ग्रेड का होने लगा है।
उन्होंने बागवानी विभाग के अधिकारियों से इसके समाधान के लिए विशेषज्ञों की टीम बागीचों में भिजवाने की मांग की है। उद्यान विभाग के विषय विशेषज्ञ पद पर तैनात टेक चंद ठाकुर ने फसल के खराब होने की पुष्टि की है। बताया कि इससे करीब 20 फीसदी फसल प्रभावित हुई है। सलाह दी है कि 600 ग्राम कैप्टान या जीरम 600 मिली लीटर, मैनकोजेव फलोएवल 700 ग्राम 200 लीटर पानी में घोलकर इसका छिड़काव करें। इससे कालिख दूर होगी।

विभाग जल्द भेजेगा विशेषज्ञ
सेब के दानों का रंग बदलकर काला पड़ने को सूटीब्लॉच और फलाईसकैप कहते हैं। इससे दाना काला पड़ने लगता है तथा इस पर काले रंग के बिंदू उभर आते हैं। विभाग को फसल खराब होने की शिकायत मिली है। जल्द ही बागों में विशेषज्ञ भेजे जाएंगे।
बीसी राणा उपनिदेशक बागवानी विभाग कुल्लू

Related posts