काला कपड़ा गिरोह पर पैनी नजर

हमीरपुर। काले कपड़े वाले गिरोह पर पुलिस पैनी नजर रखेगी। इसके लिए एसपी हमीरपुर ने पुलिस को सख्त दिशा-निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने मामले को हल्के में न लेते हुए शिकायत मिलते ही उचित कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। इससे जिले की जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।
सोमवार को पुलिस मासिक अपराध निवारण बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा ने कहा कि जिले के कुछेक क्षेत्रों में काले कपडे़ वाले गिरोह की बातें सामने आ रही हैं। कई लोगों को घेरने और लोगों के घरों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आई हैं। सिलसिला एक माह से जारी है लेकिन अभी तक कोई भी गिरोह का व्यक्ति नहीं पकड़ा गया है। उल्टा लोगों में दहशत का माहौल है। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि चाहे काले कपड़ा गिरोह अफवाह है या हकीकत, पुलिस इसे गंभीरता से ले। कहीं से भी किसी व्यक्ति की कोई शिकायत आए तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि कोई भी व्यक्ति काला कपड़ा गिरोह की किसी थाना में सूचना देता है और इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है तो पुलिस कर्मचारियों या अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में एएसपी अरविंद चौधरी, डीएसपी हमीरपुर शिव कुमार, डीएसपी बड़सर एलएम शर्मा, थाना प्रभारी राकेश सिंह, प्रकाश चंद, ओम चंद, एएसआई राजकुमार आदि मौजूद रहे।

इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें।
अधर में लटके मामलों को जल्द निपटाया जाए।
कर्मचारियों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर निपटाई जाएं।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को यातायात पुलिस सतर्क रहे।
नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाए।

Related posts