कालजेट’ बनने उमड़ा युवाओं का सैलाब

बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में प्रवेश प्रक्रिया के आखिरी दिन ‘कालजेट’ बनने को युवाओं की काफी भीड़ उमड़ी रही। हालांकि अभी तक कालेज में एडमिशन लेने से वंचित रहे स्टूडेंट्स 30 जून तक प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन अब उन्हें लेट फीस की अदायगी करनी होगी। वहीं, कालेज प्रशासन द्वारा प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स की पहली मेरिट सूची 20 जून को लगाई जाएगी।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नए छात्रों की सुविधा के लिए विभिन्न छात्र संगठनों ने मार्गदर्शन केंद्र लगाए हुए हैं। बिलासपुर स्टूडेंट्स एसोसिएशन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने एडमिशन लेने आए नए छात्रों की मदद की। छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने खुद ही इन छात्रों के प्रोस्पेक्टस भरे ताकि किसी भी स्टूडेंट्स को परेशानी नहीं उठानी पड़े। जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित तिथि के अनुसार कालेज में करीब 11 सौ स्टूडेंट्स ने प्रवेश प्राप्त किया है। प्रथम वर्ष के 780 छात्रों ने कालेज प्रशासन के पास अपने आवेदन जमा करवाए हैं। बीएससी-1 में 380, बीकॉम-1 में 150 तथा बीए-1 में 250 बच्चों ने आवेदन जमा करवाए। अब बीस जून को मेरिट के आधार पर इन्हें दाखिला मिलेगा। वहीं, द्वितीय व तृतीय वर्ष में करीब 365 छात्रों ने प्रवेश प्राप्त किया है।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य आरपी चोपड़ा ने कहा कि करीब 11 सौ बच्चों ने कालेज में प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रथम वर्ष के बच्चों को मेरिट के आधार पर दाखिला मिलेगा। 20 जून को मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 30 जून तक विद्यार्थी लेट फीस के साथ दाखिला प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts