कार से 16 पेटी शराब बरामद

बंगाणा (ऊना)। उपमंडल के बंगाणा में एसआईयू टीम ने अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने शनिवार देर रात बंगाणा के तूतडू में लगाए नाके के दौरान एक कार से देसी शराब की 16 पेटियां बरामद की है। पुलिस टीम ने कार चालक को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है। जिला में बढ़ रहे नशे के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है।
जानकारी मुताबिक रविवार को तूतडू गांव में एसआईयू टीम ने रणजीत सिंह के नेतृत्व में जसवंत सिंह, विजय कुमार, सुखविंद्र एवं जसविंद्र ने नाका लगा रखा था। नाके के दौरान बंगाणा की ओर से आ रही एचपी 40बी 0100 को रुकने का इशारा किया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार में से 16 पेटियां शराब बरामद की। पुलिस ने कार चालक सुरेंद्र सिंह निवासी ज्वालाजी को शराब सहित गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि कार चालक तूतडू़ में ही किसी ठेकेदार को पेटियां सौंपने जा रहा था। बंगाणा उपमंडल के कई क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार कई दिनों से धड़ल्ले से चल रहा है। क्षेत्र के कई टी स्टॉलों एवं खोखो में पैग सेल का धंधा जोरों पर है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने देसी शराब की पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार आबकारी कराधान अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts