
नई दिल्ली। लाहौरी गेट क्षेत्र में तलाशी के दौरान इनोवा के ड्राइवर ने होमगार्ड के सिर पर डंडा मार दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी। शनिवार रात लाहौरी गेट थाने में तैनात होमगार्ड नागेंद्र सिपाही पवन के साथ कल्लू भगत पिकेट पर वाहनों की तलाशी ले रहा था। इस बीच उन लोगों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही इनोवा कार को रोका। इस पर कार चालक सरोजनी नगर निवासी प्रह्लाद सहित उसके दो दोस्त राजकुमार और अमित नागेंद्र से भिड़ गए। तीनों शराब के नशे में धुत थे। इस बीच प्रह्लाद ने नागेंद्र के सिर पर डंडा मार दिया। उसके बाद उन लोगों ने उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया और नागेंद्र को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी सरोजनी नगर में पटरी पर दुकान लगाते हैं।
