
नई दिल्ली। अमर कॉलोनी इलाके में सोमवार देर रात रोडरेज की एक घटना में कार बैक करते समय दूसरी वैगनआर कार से टच होने पर छह युवकों ने 53 साल के शख्स की पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। लात-घूंसों की पिटाई से पीड़ित की दो पसलियां टूट गईं। अमर कॉलोनी थाना पुलिस पीड़ित की शिकायत पर मामले की छानबीन कर रही है। बकौल पुलिस, श्रवण कुमार परिवार के साथ लाजपत नगर-4 में रहते हैं और यहीं पर उनका गारमेंट का बिजनेस है। सोमवार देर रात श्रवण का परिवार बरेली से घर लौटा था। श्रवण अपनी क्रूज कार से खाना लेने चले गए। इस बीच रात करीब 1 बजे वह कॉलोनी के गेट पर पहुंचे थे तो गेट बंद हो चुका था। इसी दौरान एक लाल रंग की वैगनआर कार श्रवण की कार के पीछे आकर खड़ी हो गई। श्रवण ने कार जैसे बैक की उनकी कार वैगनआर से टच हो गई। इस बात पर कार सवारों ने बहस के बाद श्रवण को पीटना शुरू कर दिया। बाद में सभी फरार हो गए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि कॉलोनी के अन्य गेट कार सवार युवकों ने तीन युवकों को छोड़ा और चले गए। तीनों युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। पुलिस उसी के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
