
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल मुख्यालय से तीन किमी. दूर बड़सर शाहतलाई सड़क मार्ग में कसवाड़ गांव के पास आल्टो कार नाले में गिर गई। सुबह साढ़े छह बजे हुए इस हादसे में एक की मौत हो गई और शेष पांच घायल हो गए। जजरी गांव से परिवार के सदस्य दिल्ली जा रहे थे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बड़सर अस्पताल में पहुंचाया गया। एक महिला की हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जबकि एक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जजरी गांव से मस्तान चंद अपने परिवार के साथ अपनी आल्टो कार एचपी 21ए 4070 में दिल्ली जा रहा था। उसके साथ उसका पिता सीता राम, पत्नी आशा देवी, भानजा नंद किशोर पुत्र बुद्धि सिंह तथा दो बेटियां दीक्षा एवं सोनिया जा रहे थे। शाहतलाई से बड़सर सड़क मार्ग में सुबह करीब साढ़े छह बजे कसवाड़ गांव के पास तीखे मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर 15 फुट नाले में जा गिरी। पिता की मदद से दोनों बेटियां गाड़ी से बाहर निकलकर पास के घरों में पहुंचीं तथा लोगों को हादसे के बारे में बताया।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला तथा 108 एंबुलेंस को फोन कर बड़सर अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच कर सीता राम पुत्र मंगत राम को मृत घोषित कर दिया। जबकि आशा देवी पत्नी मस्तान सिंह को सिर में चोट होने के कारण पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि भानजे नंदकिशोर पुत्र बुद्धि सिंह निवासी गांव बरठीं जिला बिलासपुर को सिर एवं नाक में चोटें लगी हैं उसे हमीरपुर अस्पताल में भेज दिया गया। गाड़ी मस्तान सिंह स्वयं चला रहा था। उसे भी चोटें आई हैं तथा दोनों बेटियों सोनिया एवं दीक्षा को मामूली चोटें लगी हैं। उनका अस्पताल में उपचार किया गया है।
डीएसपी एलएम शर्मा ने बताया कि हादसे का पता चलते ही पुलिस ने मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर हादसे की तफ्तीश कर रही है।
