कार खाई में लुढ़की, चार घायल

नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत नादौन-सुजानपुर संपर्क मार्ग पर जंगलू गांव के निकट एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा लुढ़की। दुर्घटना में एक ही परिवार के दो बच्चों सहित चार लोग घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगलू गांव के पास वर्षा शालिका के साथ लगती खाई में कार अनियंत्रित होकर लुढ़क गई। कार मालिक एवं चालक अनूप कुमार (35) पुत्र डूमराम निवासी गांव रबाड़ा, संधोल ने बताया कि वह अपनी पत्नी व दो बच्चों सहित मंगलवार रात को दिल्ली से कार द्वारा अपने घर के लिए निकला था। नादौन से आगे सुजानपुर मार्ग पर जंगलू गांव के निकट अचानक सड़क पर आवारा पशु आ जाने से नियंत्रण खो बैठा और वर्षा के कारण सड़क पर बिखरी मिट्टी के चलते कार ढांक की ओर लुढ़क गई। अनूप ने बताया कि कार में सवार उसकी पत्नी रीना, बेटा आकाश (7) व बेटी मन्नत (6) घायल हो गए। घटनास्थल के निकट बस लेने के लिए खडे़ लोगों ने तुरंत मौका पर पहुंच कर परिवार को गाड़ी से निकाला। और उन्हें नादौन अस्पताल ले आए जहां घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं डा. बीएस राणा ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts