
कुल्लू। भुंतर के साथ लगते कलैहली के पास सेंट्रो कार की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। जबकि, पुलिस ने कार चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम को छात्रा प्रतीक्षा कुमारी ट्यूशन से वापस अपने घर जा रही थी। कलैहली के पास बस से उतरने के बाद छात्रा जैसे ही सड़क को पार कर रही थी, तभी बजौरा की ओर से तेज रफ्तार से आई एक सेंट्रो कार जोरदार टक्कर मारते हुए छात्रा को करीब पचास फुट आगे तक घसीटते हुए ले गई। इसमें छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि हादसे में छात्रा के सिर पर गहरी चोट आने से मौत हो गई। छात्रा यहां कलैहली स्थित एक निजी स्कूल में जमा दो कक्षा में पढ़ती थी। सोमवार सुबह भुंतर पुलिस ने छात्रा का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच एएसआई तिलक राज को सौंपी गई है।
