कार्यकर्ताओं को पढ़ाया एकजुटता का पाठ

थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ मंडल का अभ्यास वर्ग थानाकलां अंबेडकर भवन में आयोजित किया गया। इसमें आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एनडीए गठबंधन को दिल्ली में सत्ता सौंपने और नरेंद्र मोदी देश क ा प्रधानमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने की बात कही। अभ्यास वर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर और भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देश कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित नहीं है। देश को भ्रष्टाचार तथा घोटालों से उबारने के लिए नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ हरोली से भाजपा नेता राम कुमार ने भगवत गीता का वाचन कर शुरू किया। उसकेबाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ज्योति प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं से भाजपा के इतिहास, विकास, विशेषताएं तथा प्रेरणा स्रोत विषय पर चर्चा की। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया व सांसद के रूप में उनकी उपलब्धियाें तथा आगामी योजनाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व देश की समस्याओं के प्रति मौन धारण कर चुका है और देश में अराजकता व आतंक का माहौल है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने भाजपा की कार्यपद्धति तथा बूथ प्रबंधन, बैठक व कार्यक्रम पर विचार प्रस्तुत किए। इस शिविर में भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, भाजपा के जिला सचिव विजय शर्मा, सूरम सिंह, सतीश धीमान, तिलक राज बोहरा, गुरमेल, रमेश, दीपक, रिखी राम, बिट्टू पाधा, संतोष सैणी, कैप्टन मंगत राम, कैप्टन प्रीतम सिंह व मदन बोहरा उपस्थित रहे।

Related posts