
ऊना। ऊना में हुए कांग्रेस के जिला स्तरीय सम्मेलन में संसदीय क्षेत्र प्रभारी चंद्र कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेता ठाकुर राम लाल ने कार्यकर्ताओंचुनावी को टिप्स दिए।
इस दौरान उनके समक्ष कई शिकायतें भी पहुंचीं। विभिन्न ब्लाक कार्यकारिणियों में जगह न मिलने और अनदेखी को लेकर भी कइयों का दर्द छलका। कइयों ने राज्य सरकार द्वारा गठित विभिन्न कमेटियों में भी जगह न मिलने की शिकायत की। सभी पदाधिकारियों के तर्क गौर से सुनने के बाद प्रभारी चंद्र कुमार ने एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए पदाधिकारियों से आहवान किया कि वे लोकसभा चुनाव में विरोधियों को चारों खाने चित करने की तैयारियों में जुटें। केंद्र की यूपीए सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश सरकार की आठ माह की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएं। कार्यकर्ता जनता को कांग्रेस की कल्याणकारी नीतियों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय इस बैठक के बाद ब्लाक स्तर पर बैठक स्तर पर बैठकें करने को कहा तथा जिला अध्यक्ष एवं ब्लाक अध्यक्षों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर बैठकें करके पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आम लोगों तक पहुंचें। लोगों की शिकायतें भी सुनें और उनके निवारण के लिए अपने प्रतिनिधि के माध्यम से हल करवाने के पूरे प्रयास करें। बैठक में जिलाध्यक्ष वरिंद्र धर्माणी ने संसदीय क्षेत्र प्रभारी को जिले की स्थिति के संदर्भ में अवगत कराया। बैठक में ऊना के ब्लाक अध्यक्ष हजारी लाल धीमान, कुटलैहड़ ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र फौजी, हरोली ब्लाक अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, गगरेट ब्लाक अध्यक्ष बलवंत परमार, चिंतपूर्णी प्रीतम चंद, सतपाल रायजादा, विवेक, उर्मिला शर्मा, विवेक मिंका समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
