कारोबारी के घर से 25 लाख नकदी और लाखों के जेवरात चोरी

नई दिल्ली। केशवपुरम थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के घर में अलमारी से 25 लाख की नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने नौकरानी पर चोरी का शक जताया है, जो करीब 15 दिन से लापता है। पुलिस के अनुसार, विनय खारी सपरिवार रामपुरा इलाके में रहता है। उसका अपना कारोबार है। विनय ने केशवपुरम थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसे मकान बनवाना था, इसलिए कुछ दिन पहले उसने साले से रुपये उधार लेकर अलमारी में रख दिया था। 22 जून को रुपये की जरूरत होने पर जब अलमारी खोली, तो नकदी और जेवरात गायब मिले। शिकायत में उसने बताया कि उसके घर में परिवार के सदस्यों के अलावा उसकी नौकरानी आती थी, जो 12 जून से काम पर नहीं आ रही है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने नौकरानी के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह परिवार समेत फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Related posts