कारोबारियों पर रहेगी कड़ी नजर : टंडन

कुल्लू। त्योहारी सीजन में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले व्यापारियों पर स्वास्थ्य विभाग
कड़ी नजर रखेगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए विशेष टीमें बना रखी हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भविता टंडन ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग ज्यादा बढ़ जाती है। इसके चलते मिलावटी मिठाइयां भी बाहरी राज्यों से यहां लाई जाती हैं। मिलावटी मिठाइयों का कारोबार करने वालों पर स्वास्थ्य विभाग कड़ी नजर रखे हुए है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला में पिछले वर्ष 22 सैंपल लिए गए। विभाग ने खाद्य वस्तुओं के कई सैंपल जांच के लिए कंडाघाट स्थित लैब में इनकी गुणवत्ता की जांच के लिए भेजे। इनमें से करीब चार सैंपल फेल पाए गए। ये खाद्य पदार्थ गुणवत्ता की कसौटी पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने कई क्विंटल बांड की गई खाद्य वस्तुओं और मिठाइयों को भी पिछले वर्ष नष्ट किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कई क्विंटल मिठाइयां नष्ट की थीं। बजौरा में नाके के दौरान पकड़ी गई करीब 90 किलो मिस बॉंड मिठाइयां नष्ट की गई थीं।

Related posts