काम न करने पर ठेकेदार का टेंडर रद

भल्याणी (कुल्लू)। मणिकर्ण सड़क को चकाचक करने की कवायद को तगड़ा झटका लगा है। लोक निर्माण विभाग ने एक ठेकेदार का निर्माण कार्य शुरू न करने पर टेंडर रद कर दिया है। इसकी पुष्टि लोनिवि कुल्लू मंडल-एक के अधिशासी अभियंता विनोद आनंद ने की है।
मणिकर्ण सड़क के जरी से बगियांदा तक सड़क को पक्का करने के लिए विभाग ने एक ठेकेदार को काम वितरित किया था। बावजूद इसके ठेकेदार दो माह से इस कार्य का श्रीगणेश नहीं कर पाया। इस पर कार्रवाई करते हुए लोनिवि के अधिकारियों ने ठेकेदार से काम छीन लिया है। जिला में ठेकेदारों की लेटलतीफी के चलते विकास कार्यों को ग्रहण सा लग गया है। ऐसे में अधिकारियों को लोगों के आक्र ोश का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा, अधिकारियों ने इस पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए ठेकेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
धार्मिक नगरी मणिकर्ण को जोड़ने वाली सड़क ही हालात बद से बदतर हो कर रह गई है। इस सड़क का कायाकल्प करने के लिए सरकार तथा विभाग ने 25 लाख रूपये की व्यवस्था कर इसे पक्का करने का कार्य एक ठेकेदार को सौंप रखा था। लेकिन ठेकेदार ने दो माह बाद बीतने पर सड़क की टायरिंग का काम शुरू नहीं किया। इस पर महकमे ने कड़ा संज्ञान लेते हुए ठेकेदार से काम छीन लिया है। उधर, ठेकेदार का कहना है कि उन्होंने स्वयं ही इस काम से हाथ पीछे खींचे लिए हैं। विभाग जिसे चाहे उसे इस कार्य को सौंपने का अधिकार रखता है।

नोटिस के बाद की है कार्रवाई
विभाग ने ठेकेदार को अनेक बार नोटिस देकर सड़क की टारिंग का कार्य शुरू करने के आदेश दिए थे। बावजूद इसके कार्य का श्रीगणेश नहीं हो पाया। अब कार्रवाई कर टेंडर को रद कर दिया है।
विनोद आनंद एक्सईएन लोनिवि कुल्लू-एक

Related posts