कामगार महिलाओं के साथ मारपीट

अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत एक निजी उद्योग में कार्यरत कामगार महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में तीन महिलाओं को चोटें आई हैं। उन्हें उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पोलियां पुरोहिता पंचायत के अधीन एक निजी उद्योग में कार्यरत तीन महिलाओं के साथ दो कामगार व्यक्तियों ने मिलकर दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उक्त दोनों ने महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति इससे पहले भी कई बार इस तरह की घिनौनी हरकतों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन कभी मामला सामने नहीं आ पाया। महिलाओं ने उद्योग में कार्यरत दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उधर, अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर महिलाओं को मेडिकल के लिए भेजा गया है, जबकि पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts