कामकाज ठप होने पर भड़के कारोबारी

कुल्लू। शहर में यातायात व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए बसों तथा मालवाहक वाहनों को भूतनाथ पुल से मनाली आने-जाने के प्रशासन ने निर्देश दिए हैं लेकिन, इससे अखाड़ा बाजार में व्यापारियों का कारोबार चौपट हो गया है। अखाड़ा बाजार में न तो कोई स्थानीय लोग सामान खरीदने आ रहे हैं और न ही पर्यटक। व्यापार मंडल कुल्लू, गुड्स ट्रांसपोर्ट, होलसेल एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन और सब्जी मंडी यूनियन ने प्रशासन के इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि माल को अनलोड करने का समय रात 10 से लेकर सुबह छह बजे का निर्धारित किया गया है। इस समय में लेबर ही नहीं मिलती है। इसके चलते ट्रकाें में लदा हुआ माल दो-दो दिन तक ट्रकों में ही पड़ा रहता है। बसों में अगर तेल खत्म हो जाता है तो उन्हें भी रात होने का इंतजार करना पड़ रहा है। सब्जी मंडी
अखाड़ा बाजार में तो सब्जियों से भरे बडे़ वाहनों में सब्जियां खराब हो रही हैं। अखाड़ा बाजार शहर का पुराना बाजार है। यहां पर कुल्लू जिले के स्थानीय लोगों सहित पर्यटक भी खरीदारी करने पहुंचते हैं, लेकिन बसों के न जाने से यहां के व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है। व्यापार मंडल ने मांग रखी है कि मनाली की ओर जाने वाली बसों को अखाड़ा बाजार से होकर ही जाने की इजाजत दी जाए। बसों के रूट को अखाड़ा बाजार से वन-वे किया जाए, जिससे यहां सामान खरीदने वाले लोग यहां सामान खरीद सकें और यहां के व्यापारियों की किसी किस्म का घाटा भी न उठाना पडे़। माल को अनलोड करने के समय को रात आठ बजे से सुबह 9 बजे के बीच किया जाए। व्यापार मंडल के कुल्लू के प्रधान राकेश कोहली, गुड्स ट्रांसपोर्ट के चंदन करीर और राकेश कोहली, होलसेल एसोसिएशन के मदन गोपाल वर्मा, होटल एसोसिएशन के संदीप शर्मा और सब्जी मंडी यूनियन के प्रधान रविंद्र पुरी व्यापारी मनोज सूद, राजीव सूद और करियाना एसोसिएशन रामशिला के ओम प्रकाश आदि ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि अखाड़ा बाजार से बसों के लिए ट्रैफिक वन वे कर दिया जाए। लोडिंग और अनलोडिंग की समय अवधि को भी बढ़ाया जाए। अगर व्यापारियों की समस्या पर कोई गौर नहीं होता तो उनको मजबूरन सड़कों पर उतरना पडे़गा।

Related posts