
काईस (कुल्लू)। काईस क्षेत्र में भारी बारिश से तांदला के घौठ नाले में आई उफान में आईपीएच विभाग की पेयजल पाइपें और सिंचाई कूहलों समेत दो घराट तबाह हो गए। घराटों का नामोनिशान मिट गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर दो बजे हुई भारी बारिश के बाद घौठनाल का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते नाले ने दोनों घराटों को अपनी चपेट में ले लिया। घराट तांदला के रामचंद और डीणे राम के बताए जा रहे हैं। इसके अलावा नाले से जोड़ी गई आईपीएच महकमे के मुख्य पेयजल स्रोत की पाईपें और कूहलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
नाले के साथ सटे खेतों में खड़ी मक्की और राजमाह की फसल भी तबाह हो गई है। कराड़सू पंचायत के उपप्रधान खेख राम ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को दो बजे भारी बारिश के बाद वह मौके पर गए जहां दो घराट, सिंचाई कूहलें तथा फसलों को भारी भारी नुकसान हुआ है। एडीएम विनय सिंह ने बताया कि भारी बारिश से ध्वस्त पानी की पाइपों और सिंचाई कूहलों की रिपेयर के आईपीएच महकमे को निर्देश दिए हैं।
