कांता की नियुक्ति, सुनीता को मिली पदोन्नति

घुमारवीं (बिलासपुर)। लोकसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने संगठन में भी फेरबदल शुरू कर दिया है। मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी के गृह हलके में महिला कांग्रेस ने ब्लॉक अध्यक्ष को पदोन्नत जिला कार्यकारिणी में सचिव का दायित्व सौंपा है तो पंतेहड़ा पंचायत की प्रधान कांता देवी को ब्लॉक महिला कांग्रेस की कमान सौंपी गई। इस नियुक्ति को कई नजरिए से देखा जा रहा है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि दोनों ही नियुक्तियां हाईकमान को विश्वास में लेने के बाद की गई है।
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंतेहड़ा की प्रधान कांता देवी घुमारवीं ब्लाक की नई महिला कांग्रेस प्रधान होंगी। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान ने प्रधान पद के लिए उनकी नियुक्ति की है। साथ ही पूर्व अध्यक्षा सुनीता देवी को जिला सचिव नियुक्त किया गया है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान ने कहा कि दोनों पद नियुक्तियां प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा मनभरी देवी की सहमति से की गई हैं। महिला कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों को कमर कस ली है। आगामी लोकसभा चुनावों में महिला कांग्रेस अपनी अहम भूमिका निभाएगी। अंजना धीमान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों में जिला की अनदेखी की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया है कि लोकसभा चुनावों को कमर कस लें। उधर, नवनियुक्त महिला ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षा कांता देवी, नवनियुक्त जिला सचिव सुनीता ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा मनभरी देवी, जिला अध्यक्षा अंजना धीमान का आभार जताया है। उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसे वह बखूबी निभाने का प्रयास करेंगी।

Related posts