
नई दिल्ली (ब्यूरो)। चुनावी साल में पोस्टर-होर्डिंग से पटे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का एक पोस्टर बृहस्पतिवार दिन-भर पार्टी पदाधिकारियों के बीच चर्चा का विषय रहा। इसमें खुद को कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष की पत्नी बताती हुई एक महिला ने सीमापुरी विधायक पर पार्टी फंड के नाम से 15 लाख की हेराफेरी का आरोप लगाया है।
मुन्नी देवी शर्मा नामक महिला ने प्रदेश कार्यालय के मुख्य गेट के साथ नजदीक इमारतों की बाउंड्री पर पोस्टर चिपका रखे हैं। कांग्रेस विधायक वीर सिंह धींगान पर आरोप लगाया है कि विधायक ने पिछले निगम चुनाव में पार्टी फंड में 15 लाख जमा कराने की मांग की थी। इसके एवज में मुन्नी के पुत्र अरुण कुमार को नई सीमापुरी वार्ड से टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया था। महिला का कहना है कि उसने मकान बेचकर पैसे का इंतजाम किया, लेकिन न तो टिकट मिला न ही विधायक ने पैसे वापस किए। इस बारे में विधायक वीर सिंह धींगान का कहना है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश है। विपक्षी दलों के उकसावे पर महिला पोस्टरबाजी कर रही है।
