
कुल्लू। मेरा मुकाबला राज परिवार और प्रदेश सरकार से है। यह कहना है कि भाजपा से मंडी संसदीय सीट के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा का। कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत में रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मंडी सीट पर राज परिवार का दबदबा रहा है। कांग्रेस सरकार बताए कि 40 साल में उन्होंने मंडी के लिए कौन-कौन सी बड़ी योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंडी के लोगों के लिए कुछ नहीं किया है।
रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में केवल प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र के वायदों को भी पूरा नहीं किया है। डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस ने केवल भाजपा द्वारा चलाई गई योजनाओं को बदलने का काम किया है। सांसद बनने पर प्रतिभा सिंह ने भी अधूरे कार्यों का ही शिलान्यास करने का काम किया है। अभी तक कोई चुनाव न लड़ने पर रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि सुरेश चंदेल ने भी कोई चुनाव नहीं लड़ा था। हमीरपुर संसदीय सीट पर जब उन्होंने पहली बार सांसद का चुनाव लड़ा तो वह एक लाख तीस हजार मतों से चुनाव जीते थे। रामस्वरूप ने दावा किया कि देश में नरेंद्र मोदी की लहर है। इस बार में मंडी लोकसभा सीट पर चुनाव जीतकर राज परिवार के वर्चस्व को तोड़ देंगे। इस दौरान विधायक जय राम ठाकुर, पूर्व मंत्री खीमी राम, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद ठाकुर, रामलाल मारकंडेय, प्रदेश प्रवक्ता राम सिंह, अंबिका सूद, ओम प्रकाश, जिला महामंत्री भीम सेन, प्रताप ठाकुर, युवराज बौद्ध, मीडिया प्रभारी राजेंद्र शुक्ला आदि उपस्थित थे।
