
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिला के द्वारका साउथ इलाके में कांगो नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विदेशी का शव द्वारका सेक्टर-8 के पास महिला मित्र की कार से बरामद हुआ। वारदात के समय कार में उसकी महिला मित्र भी मौजूद थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा है। पुलिस उसकी महिला मित्र से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की शिनाख्त येन (25) के रूप में हुई है। करीब एक वर्ष पूर्व वह भारत आया था। फिलहाल वह द्वारका के सेक्टर-23 में किराए के फ्लैट पर रहता था। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि द्वारका सेक्टर-8 के पास मारुति एस्टीम कार में एक विदेशी की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के गले, हाथ और पैर पर घाव थे। अतिरिक्त आयुक्त अनिल कुमार ओझा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
