कांगणी सब्जी मंडी में आढ़तियों का हंगामा

मंडी। सब्जी मंडी कांगणी के आढ़तियों ने वीरवार को हंगामा शुरू कर दिया। आढ़तियों ने मार्केटिंग कमेटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। सब्जी मंडी के आढ़तियों का गुस्सा उस समय फूटा, जब कमेटी के कर्मचारियों ने सब्जी मंडी से बाहर निकलने वाले बैैरियर पर ताला लटका दिया और आढ़तियों की गाड़ियों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे आढ़तियों के सब्जी और दूसरे उत्पादों से भरे वाहन बैरियर से बाहर नहीं निकल पाए। इस दौरान नारेबाजी तथा प्रदर्शन कर रहे आढ़तियों के गुस्से से वहां का माहौल बिगड़ गया। इस बीच पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच वार्तालाप के बाद बैरियर खोल दिया गया। कांगणी सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन के प्रधान दीनानाथ सैणी ने कहा कि मार्केटिंग कमेटी आढ़तियों को बेवजह परेशान कर रही है और सब्जी मंडी के ही बरामदे में बैरियर लगाकर वाहनों की चैकिंग कर उनका समय बर्बाद किया जा रहा है। उन्हाेंने कहा कि आढ़ती 138 प्रकार की वस्तुओं का टैक्स कमेटी को पुंघ बैरियर पर पहले ही जमा कर देते हैं, लेकिन बावजूद इसके अब सब्जी मंडी के गेट पर ही बैरियर लगाकर उन्हें बेवजह तंग किया जा रहा है। आढ़तियों ने बाद में एडीएम मंडी को भी इस समस्या से अवगत करवाया। उधर, इस बारे में मार्केटिंग कमेटी के सचिव नेत्र सिंह का कहना है कि उच्चाधिकारिया के दिशा-निर्देश पर कार्रवाई की गई है।

Related posts